रन्नोद थाना पुलिस पर रिश्वत मांगने का आरोप, गर्भवती महिला के पति से बदसलूकी का मामला

शिवपुरी जिले के रन्नोद थाना क्षेत्र में पुलिस पर एक गरीब युवक से रिश्वत मांगने और बदसलूकी करने का गंभीर आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि युवक अपनी गर्भवती पत्नी को इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहा था, तभी रन्नोद थाने के सामने पुलिस ने चेकिंग के नाम पर उसे रोक लिया और 500 रुपये की मांग की।
पीड़ित का कहना है कि उसने पुलिस से हाथ जोड़कर बताया कि उसके पास केवल 500 रुपये हैं और उसी रकम से उसे अपनी पत्नी का इलाज कराना है। इसके बावजूद पुलिसकर्मियों ने कथित तौर पर उसके साथ अभद्र व्यवहार किया।
घटना के बाद युवक ने अपने परिजनों को बुलाया, जिसके बाद थाने के सामने विवाद की स्थिति बन गई। अब इस मामले में पीड़ित के समर्थन में भाजपा जिला अध्यक्ष जसवंत जाटव सहित क्षेत्र के सर्वसमाज के लोग सामने आ गए हैं।
स्थानीय लोगों ने थाना प्रभारी समेत पूरे स्टाफ को निलंबित करने की मांग की है और निष्पक्ष जांच की अपील की है।



