आप की काम की खबर

मेघालय में मोबाइल सुरक्षा को मिली मजबूती, CEIR पोर्टल से अब तक 1,662 फोन बरामद

शिलॉन्ग: दूरसंचार विभाग (DoT), भारत सरकार द्वारा विकसित सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर (CEIR) पोर्टल ने मेघालय में दूरसंचार सुरक्षा को नई मजबूती दी है। इस पोर्टल के जरिए नागरिक अपने खोए या चोरी हुए मोबाइल फोन की शिकायत दर्ज कर सकते हैं, उन्हें ब्लॉक कर सकते हैं और दोबारा नेटवर्क पर आने पर ट्रैक कर रिकवर भी कर सकते हैं।

पीआईबी शिलॉन्ग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मेघालय में CEIR सुविधा लागू होने के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने अपने मोबाइल हैंडसेट ब्लॉक, ट्रेस और रिकवर कराने के लिए पोर्टल का इस्तेमाल किया है। 6 जनवरी 2026 तक राज्य में कुल 5,914 मोबाइल फोन खोए या चोरी होने की शिकायत CEIR पोर्टल पर दर्ज की गई, जिनमें से अब तक 1,662 मोबाइल फोन सफलतापूर्वक ट्रेस कर बरामद किए जा चुके हैं।

CEIR पोर्टल के जरिए नागरिक:

  • खोए या चोरी हुए मोबाइल को तुरंत ब्लॉक कर सकते हैं ताकि उसका दुरुपयोग न हो

  • नेटवर्क पर दोबारा दिखने पर फोन को ट्रैक कर सकते हैं

  • बरामद होने पर उसी पोर्टल से फोन को अनब्लॉक भी कर सकते हैं

मेघालय में CEIR की सफलता में टेलीकॉम सेवा प्रदाताओं (TSPs), राज्य पुलिस और आम लोगों की डिजिटल सेवाओं के प्रति बढ़ती जागरूकता की अहम भूमिका रही है।

दूरसंचार विभाग का कहना है कि CEIR न केवल उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करता है, बल्कि मोबाइल से जुड़े साइबर अपराध, अवैध हैंडसेट व्यापार पर रोक लगाने और राष्ट्रीय डिजिटल सुरक्षा को मजबूत करने में भी अहम योगदान दे रहा है।

नागरिकों से अपील की गई है कि मोबाइल फोन खोने या चोरी होने की स्थिति में तुरंत CEIR पोर्टल (www.ceir.gov.in) पर शिकायत दर्ज करें। विभाग ने सुरक्षित और भरोसेमंद दूरसंचार व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए डिजिटल सार्वजनिक सेवाओं के विस्तार के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।

Deepak Verma

Related Articles

Back to top button