खदान विस्फोट त्रासदी: अब तक 25 मौतें, NEIGRIHMS में कई की हालत गंभीर
NEIGRIHMS में इलाजरत मजदूरों में एक की मौत, कई की हालत गंभीर खदान से सात और शव मिले जिससे मरने वालो की संख्या बढ़कर 25 हुई

शिलांग : ईस्ट जयंतिया हिल्स के थांगस्कू इलाके में अवैध रैट-होल खदान में हुए भीषण हादसे के बाद झुलसे मजदूरों को शिलॉन्ग के NEIGRIHMS अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, भर्ती किए गए घायलों में से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई है, जबकि बाकी का उपचार जारी है।
अस्पताल सूत्रों ने बताया कि हादसे के बाद घायलों को अलग-अलग समय पर इमरजेंसी में लाया गया। शुक्रवार दोपहर नूर बहादुर नामक मजदूर ने दम तोड़ दिया। उसकी मौत के बाद अब अस्पताल में आठ घायल मजदूर इलाजरत हैं।
डॉक्टरों के मुताबिक दो मरीज—राजू तमांग और जमील अहमद—की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है। दोनों लगभग 70 प्रतिशत से अधिक तक झुलसे हुए हैं और उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। क्रिटिकल केयर यूनिट में विशेषज्ञों की टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है।
अन्य दो मरीज—देव मलाकर और ललित मगर—मेडिकल आईसीयू में भर्ती हैं। वे वेंटिलेटर पर नहीं हैं, लेकिन उनकी हालत अभी भी गंभीर मानी जा रही है।
बाकी चार घायल—बोम बहादुर, दवा शेरपा, कोर्ना मंगल और शैंकी शिला—को अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। इन सभी को जलने की गंभीर चोटें आई हैं और प्लास्टिक सर्जन व अन्य विशेषज्ञ डॉक्टर उनकी देखरेख कर रहे हैं। वही मेघालय की DGP ने बताया की खदान से सात और शव मिले जिससे मरने वालो की संख्या बढ़कर 25 हुई
NEIGRIHMS प्रशासन ने बताया कि सभी घायलों को सर्वोत्तम संभव इलाज दिया जा रहा है और उन्हें बचाने के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं।